Pali Mahashivratri News रायपुर। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन सोमवार 16 फरवरी को नगर निगम कोरबा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 3 करोड़ 78 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे। साथ ही वे ऐतिहासिक पाली महोत्सव के समापन समारोह में भी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री देवांगन दोपहर 1:45 बजे चारपारा कोहड़िया कोरबा से रवाना होकर दोपहर 2 बजे विकास नगर कुसमुंडा स्थित जे.आर.सी. खेल मैदान पहुंचेंगे। यहां वे जिला स्तरीय पत्रकार मिलन एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे। इसके पश्चात वे बरमपुर में आयोजित एक दिवसीय रामायण एवं भंडारा कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे।
दोपहर 3:50 बजे मंत्री देवांगन कोरबा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 58 एवं 59 में 3.78 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इनमें दर्री जोन भाग-1 अंतर्गत 1 करोड़ 62 लाख रुपए की लागत से 14 नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, 15 लाख रुपए की लागत से बाउंड्रीवाल, मंच निर्माण एवं सामुदायिक भवन मरम्मत कार्य, 9 लाख रुपए की लागत से दर्रीखार में बस स्टॉप (यात्री प्रतीक्षालय) निर्माण, वार्ड क्रमांक 58 अंतर्गत दर्री में 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण तथा दर्री जोन भाग-2 में 1 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से 14 नवीन आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण कार्य शामिल है।
सायं 5:30 बजे मंत्री देवांगन गोपालपुर में आयोजित रामायण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे शाम 7 बजे केराझरिया, पाली में आयोजित ऐतिहासिक पाली महोत्सव-2026 के समापन समारोह में सहभागिता करेंगे। कार्यक्रम के पश्चात वे चारपारा कोहड़िया, कोरबा वापस लौटेंगे।

