Underground Sewerage Line Inauguration रायपुर। कोरबा नगर विधायक एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 25 शिवाजीनगर एवं वार्ड क्रमांक 27 महाराणा प्रताप नगर (एमपी नगर) कॉलोनी में 14.42 करोड़ रुपये की लागत से अंडरग्राउंड सीवरेज लाइन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। नारियल फोड़कर कार्यारंभ करते हुए मंत्री ने कहा कि यह दोनों कॉलोनियों की वर्षों पुरानी सीवरेज समस्या का स्थायी समाधान होगा।
एमपी नगर स्थित उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री देवांगन ने बताया कि 14.4 किलोमीटर लंबी नई सीवरेज लाइन का निर्माण किया जाएगा, जिससे लगभग 3350 मकानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान क्षेत्रवासियों से किए गए वादे को पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा 15वें वित्त आयोग मद से राशि की स्वीकृति मिलने के बाद यह कार्य प्रारंभ किया जा सका है। मंत्री ने अधिकारियों को समयसीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कोरबा नगर में विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है और शहर की हर छोटी-बड़ी समस्या के समाधान के लिए निगम प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शहर को सुव्यवस्थित और सुसज्जित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री एवं महापौर का महामाला पहनाकर अभिनंदन किया और वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर आभार जताया। कार्यक्रम में पार्षद वर्षा दिनेश वैष्णव, अनुज जायसवाल, अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, पंकज देवांगन, अजय गौंड, ज्योति वर्मा, सोनू भाटिया, जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, धर्मपाल सोलंकी, नितिन चतुर्वेदी, पुनीराम साहू, ईश्वर साहू, प्रकाश अग्रवाल सहित दोनों वार्डों के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

