CG Political News Today रायपुर। मंत्री केदार कश्यप ने सहायक शिक्षक भर्ती-2023 के मुद्दे पर दीपक बैज पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आधी रात को सेंट्रल जेल पहुंचकर आंदोलित अभ्यर्थियों को गुमराह करने की ओछी राजनीति कर रहे हैं और घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। कश्यप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पिछली सरकार ने प्राथमिक स्कूलों में बी.एड. अभ्यर्थियों को प्रवेश देकर डी.एड. डिप्लोमाधारकों के भविष्य को संकट में डाला था और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले अभ्यर्थियों पर एफआईआर दर्ज कर उनके सरकारी नौकरी पाने की संभावनाओं को भी प्रभावित किया गया।
मंत्री कश्यप ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में जब शिक्षाकर्मियों और विशेषकर डी.एड. अभ्यर्थियों का आंदोलन सड़कों पर आया, तब तत्कालीन सरकार ने संवाद का रास्ता अपनाने के बजाय प्रशासनिक बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार शासकीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर पूरी तरह सजग है। न्यायालय के निर्देशानुसार सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के पांचवें चरण में 2621 बी.एड. अर्हताधारी सहायक शिक्षकों के स्थान पर डी.एड. अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल किया गया। शासन के निर्देशों के तहत 2615 पदों पर अवसर प्रदान किया गया, जिसमें से 1319 अभ्यर्थी पात्र पाए गए और उन्हें नियुक्ति पत्र जारी किए जा चुके हैं।
कश्यप ने बताया कि पांचवें चरण की भर्ती प्रक्रिया में सामान्य वर्ग का कटऑफ रैंक 6666, अनुसूचित जाति का 10990, अनुसूचित जनजाति का 72852 और अन्य पिछड़ा वर्ग का 9193 तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि छठवें चरण की सूची जारी करने की मांग करने वाले अभ्यर्थी इन कटऑफ रैंक से नीचे हैं। यदि छठवें चरण की सूची जारी की जाती है तो कटऑफ और नीचे जा सकता है, जिससे अत्यंत निम्न रैंक के अभ्यर्थियों की नियुक्ति होगी और शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है।
मंत्री कश्यप ने यह भी कहा कि शिक्षक सीधी भर्ती-2023 की परीक्षा को दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है और इस दौरान हजारों नए योग्य अभ्यर्थी नई भर्ती परीक्षा की प्रतीक्षा कर रहे हैं। वर्तमान में विभाग द्वारा 4708 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है, जिसमें 2000 पद सहायक शिक्षकों के लिए हैं। उन्होंने दोहराया कि सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने और अधिक योग्य अभ्यर्थियों को अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
Read More : अमलेश्वर में भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा का भव्य स्वागत, युवाओं में दिखा उत्साह

