मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम केजंग में 1.20 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन, कहा- माओवाद से मुक्त बस्तर अब विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ेगा

मंत्री केदार कश्यप ने ग्राम केजंग में 1.20 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन, कहा- माओवाद से मुक्त बस्तर अब विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ेगा

रायपुर: वन मंत्री केदार कश्यप ने आज कोंडागांव के सुदूर अंचल स्थित ग्राम केजंग में पहुंचकर क्षेत्रवासियों को लगभग 1.20 करोड़ रुपए के 11 विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में सड़कों, भवनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।

वन मंत्री कश्यप ने ग्रामीणों को बताया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को आसान बनाना, कृषि को मजबूत करना और जीवनस्तर में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार आम नागरिकों के हित में क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर क्षेत्र पूर्व में माओवाद से प्रभावित था, लेकिन अब पूरी तरह माओवादी प्रभाव से मुक्त हो गया है। इससे क्षेत्र भयमुक्त होकर विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ेगा और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार मिलेगा।

भूमिपूजन किए गए कार्यों में ग्राम पंचायत कुधूर में 1 किमी मुरमीकरण कार्य, तरईपारा से पंडेला घर तक सीसी सड़क निर्माण, ग्राम पंचायत कोरमेल के पटेलपारा में सीसी सड़क निर्माण, ग्राम पंचायत जोडेंगा में सांस्कृतिक भवन से कमलू घर तक सड़क निर्माण, ग्राम पंचायत पदनार में प्राथमिक शाला भवन से समलू घर तक सीसी सड़क निर्माण, ग्राम पंचायत पुसपाल में कुलधर घर से सुधीर यादव घर तक सड़क निर्माण, ग्राम पंचायत मड़ागांव में सांस्कृतिक भवन से पीलाराम घर तक सड़क निर्माण, ग्राम पंचायत केजंग में घोटुल गुड़ी के पास शेड निर्माण, ग्राम पंचायत मडानार में स्कूल मुख्य द्वार से पेदेबाई घर तक सीसी सड़क निर्माण, प्राथमिक शाला में शौचालय निर्माण और ग्राम पंचायत बेतबेड़ा में मुख्य मार्ग से ढोलमांदरी सन्नू घर तक मुरमीकरण कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्रम, उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, कोंडागांव एसडीएम अजय उरांव, तहसीलदार मनोज रावटे और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Read More : महादेव घाट में 5वीं अखिल भारतीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबला, हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ ने पंजाब को 2-1 से हराकर दर्ज की शानदार जीत


Related Articles