X और ChatGPT समेत ढेरों वेबसाइट्स ठप, क्या आपको भी दिखा यह एरर मेसेज?

X और ChatGPT समेत ढेरों वेबसाइट्स ठप, क्या आपको भी दिखा यह एरर मेसेज?

दुनियाभर के लाखों यूजर्स मंगलवार शाम परेशान हो गए, जब उनके लिए ढेरों डिजिटल सर्विसेज ने काम करना बंद कर दिया। X (पहले Twitter) और ChatGPT जैसे ग्लोबल प्लेटफॉर्म्स के अलावा ढेरों पेमेंट गेटवे भी काम नहीं कर रहे हैं और यूजर्स कई वेबसाइट्स भी ओपेन नहीं कर पा रहे। अचानक आई इस परेशानी को लेकर किसी को कुछ समझ नहीं आया और हजारों लोगों ने इस बारे में सोशल मीडिया पर लिखना शुरू किया है और एकदूसरे से इसका जिक्र कर रहे हैं।

मजेदार बात यह रही कि वेबसाइट्स और प्लेटफॉर्म्स पर आए आउटेज और उनके डाउनटाइम की जानकारी देने वाला प्लेटफॉर्म Downdetector.com खुद ही ठप पड़ गया। पहले तो यूजर्स को समझ ही नहीं आया कि अचानक ऐसा क्यों हो रहा है लेकिन बाद में जानकारों ने खुलासा किया कि इसके लिए कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क (CDN) प्रोवाइडर Cloudflare के सर्वर में आई दिक्कत जिम्मेदार हो सकती है। दरअसल, Cloudflare कई बड़ी वेबसाइट्स और ऑनलाइन सेवाओं को होस्ट करता है।

यूजर्स को स्क्रीन पर दिखा ये एरर

जब भी यूजर्स ने Cloudflare की ओर से होस्ट की जा रहीं वेबसाइट्स को ओपेन करने की कोशिश की तो ज्यादातर को एक ही एरर मेसेज दिखाया जा रहा है। इस मेसेज में ‘please unblock challenges.cloudflare.com to proceed’ लिखा नजर आ रहा है। साफ है कि जो सेवाएं Cloudflare की मदद से कंटेंट प्रोवाइड करती हैं केवल उनपर इसका असर पड़ा है और इंटरनेट का बाकी हिस्सा ठीक से काम कर रहा है।

आखिर क्या है Cloudflare से जुड़ी दिक्कत

इंटरनेट पर आप जो वेबसाइट्स देखते हैं या फिर जिन सेवाओं को इस्तेमाल करते हैं, उनपर दिख रहा कंटेंट (फोटो, वीडियो, फाइल्स या टेक्स्ट) चुनिंदा कंटेंट डिलिवरी नेटवर्क्स (CDNs) के सर्वर पर सेव रहता है। उदाहरण के लिए, अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) भी ऐसा ही नेटवर्क है। ऐसे में Cloudflare के सर्वर में ढेर सारी वेबसाइट्स से जुड़ा कंटेंट है और इसके प्रभावित होने पर सभी संबंधित वेबसाइट्स ठप पड़ गईं।

अच्छी बात यह है कि खामी को सुधारा जा रहा है और वेबसाइट्स के अलावा संबंधित सेवाएं भी धीरे-धीरे सामान्य हो रही हैं। ऐसे में अगर आप कोई वेबसाइट ऐक्सेस नहीं कर पा रहे तो परेशान होने के बजाय थोड़ा इंतजार करना बेहतर रहेगा। बाकी मेटा से जुड़ी सोशल मीडिया सेवाएं ठीक से काम कर रही हैं, तो तब तक आप कुछ रील्स स्क्रॉल कर सकते हैं या फिर इंटरनेट की दुनिया से कुछ मिनट्स का ब्रेक भी ले सकते हैं।

Read More : छत्तीसगढ़ विधानसभा के शीतकालीन सत्र का ऐलान, नए भवन में इस दिन से होगा शुरू, पहले ही दिन ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ विषय पर होगी चर्चा


Related Articles