Manendragarh News : अपहृत बच्चों को लेकर लौट रहा था आरोपी, चरखर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

Manendragarh News : अपहृत बच्चों को लेकर लौट रहा था आरोपी, चरखर के पास पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

Chhattisgarh Manendragarh News: मनेंद्रगढ़। जनकपुर पुलिस ने दो अपहृत मासूम बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बच्चों को बहला-फुसलाकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर ले जाया गया था और वहां उन्हें बंधुआ मजदूरी के लिए बेचने की साजिश थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है।

जानकारी के मुताबिक, 3 सितंबर को कुन्दौर निवासी दलबीर बैगा दोनों बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर ले गया था। बच्चों के लापता होने के बाद परिजनों ने जनकपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए बच्चों की तलाश और आरोपियों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज की।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई और लगातार बढ़ते दबाव के बाद सह-आरोपी मनराज बैगा दोनों बच्चों को लेकर वापस छत्तीसगढ़ लौटा। पुलिस ने चरखर के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने मनराज बैगा के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है।

वहीं मामले का मुख्य आरोपी दलबीर बैगा अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।


Related Articles