महासमुंद खल्लारी मंदिर में बड़ा हादसा, रोपवे केबल टूटा, युवती की मौत, 4 श्रद्धालु गंभीर घायल

महासमुंद खल्लारी मंदिर में बड़ा हादसा, रोपवे केबल टूटा, युवती की मौत, 4 श्रद्धालु गंभीर घायल

Mahasamund Khallari Temple Ropeway Accident महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी माता मंदिर में रविवार को चैत्र नवरात्र के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 10:30 बजे मंदिर परिसर में बने रोपवे का केबल अचानक टूट गया, जिससे ट्रॉली में सवार श्रद्धालु करीब 20 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए। ट्रॉली पहाड़ी की चट्टान से टकराने के कारण हादसा और भी गंभीर हो गया।


इस दुर्घटना में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु देवी दर्शन कर रोपवे के माध्यम से वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार केबल टूटते ही ट्रॉली अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई और चट्टान से टकरा गई, जिससे उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।


चैत्र नवरात्र के चलते मंदिर में भारी भीड़ थी। स्थानीय लोगों ने रोपवे के रखरखाव और सुरक्षा मानकों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर मेंटेनेंस होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


महासमुंद से करीब 25 किलोमीटर दूर खल्लारी गांव की पहाड़ी पर स्थित खल्लारी माता मंदिर एक प्रमुख आस्था केंद्र है, जहां क्वांर और चैत्र नवरात्र में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मंदिर तक पहुंचने के लिए लगभग 800 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं और हर साल चैत्र पूर्णिमा पर यहां भव्य मेले का आयोजन भी किया जाता है।


Related Articles