छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार स्कूल बस बेकाबू होकर खाई में पलट गई, जिससे 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में 30 से ज्यादा की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में हुआ।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में 5 महिलाओं और 2 पुरुषों की जान गई है। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। सभी मृतक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सगाई कार्यक्रम में जा रहे थे 87 यात्री
बताया गया कि बलरामपुर जिले के 87 लोग ज्ञान गंगा स्कूल की बस में सवार होकर झारखंड के लोध गांव में आयोजित सगाई कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बस जब ओरसा बंगलादारा घाटी में ढलान से उतर रही थी, तभी उसका ब्रेक अचानक फेल हो गया।
तेज रफ्तार बस पीडब्ल्यूडी रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पेड़ से टकराई और करीब 20 फीट गहरी खाई में पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ड्राइवर ने बताई हादसे की वजह
बस चालक विकास पाठक ने बताया कि दुर्घटना से कुछ समय पहले ही ब्रेक काम नहीं कर रहे थे। स्थिति संभालने के लिए उन्होंने हैंड ब्रेक लगाया और इंजन बंद किया, लेकिन ढलान के कारण बस पर नियंत्रण नहीं हो सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि कई यात्री बस के भीतर फंस गए, जबकि कुछ लोग उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।
अस्पतालों में भर्ती घायलों का इलाज जारी
महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। घायलों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कार्मेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी है।
बलरामपुर जिले के सामरी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को रांची रेफर किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
पुलिस के मुताबिक 60 घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 20 को कार्मेल अस्पताल में भर्ती किया गया है। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस भीषण दुर्घटना में यात्रियों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद है। शोक की इस घड़ी में वे दिवंगतों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

