Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में कानून व्यवस्था को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। जुआ-सट्टा, अवैध शराब और नशे के मामलों में लापरवाही बरतने पर नंदिनीनगर थाना प्रभारी भानू प्रताप साव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, लेकिन नंदिनीनगर थाना क्षेत्र में इन पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई। एसीसीयू की टीम द्वारा की गई रेड में आबकारी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, सट्टा और जुआ से जुड़े कई मामले सामने आए, जिसके बाद स्थानीय थाना प्रभारी की कार्यशैली पर सवाल उठे। जांच में लापरवाही पाए जाने पर भानू प्रताप साव को सस्पेंड कर रक्षित केंद्र दुर्ग भेज दिया गया है।
वहीं, भिलाई के संवेदनशील छावनी थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ते विवादों और अपराधों को देखते हुए थाना प्रभारी मनीष शर्मा को भी पद से हटा दिया गया है। उन्हें ट्रैफिक विभाग में स्थानांतरित किया गया है। उनकी जगह पुलगांव थाना प्रभारी अमित अंदानी को छावनी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
छावनी क्षेत्र में बीते कुछ महीनों में सांप्रदायिक तनाव, आपसी विवाद और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान तनाव की घटनाएं सामने आई थीं, जिन पर नियंत्रण पाने में थाना प्रभारी असफल रहे।
इसके अलावा जिले में 6 अन्य पुलिस अधिकारियों का भी तबादला किया गया है। यह सभी आदेश शनिवार रात को जारी किए गए। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

