छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: जगदलपुर में अफीम तस्कर गिरफ्तार, दुर्ग में कार के गुप्त चेंबर से 14.5 किलो गांजा बरामद

छत्तीसगढ़ में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: जगदलपुर में अफीम तस्कर गिरफ्तार, दुर्ग में कार के गुप्त चेंबर से 14.5 किलो गांजा बरामद

CG News: रायपुर/जगदलपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया है। बस्तर पुलिस ने जगदलपुर में अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, वहीं दुर्ग पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने उड़ीसा से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को दबोचकर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है।

जगदलपुर में 133.3 ग्राम अफीम के साथ आरोपी गिरफ्तार

बस्तर जिले के जगदलपुर में कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गोयलबाड़ी तिराहा के पास अफीम बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी जगदीश चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बरामद पदार्थ को शिलाजीत बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन एफएसएल किट से जांच में वह अफीम निकली। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के जोधपुर का निवासी है और जगदलपुर में किराए के मकान में रहकर नशे का कारोबार संचालित कर रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 66 हजार 500 रुपये कीमत की 133.3 ग्राम अफीम जब्त की है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(B) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

दुर्ग में कार के दरवाजे के गुप्त चेंबर से मिला गांजा

दूसरी कार्रवाई दुर्ग जिले में हुई, जहां कुम्हारी थाना पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने उड़ीसा से गांजा सप्लाई कर रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने गांजे को कार के दरवाजों में बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपा रखा था, लेकिन गांजे की तेज गंध ने उनका पूरा राज खोल दिया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर रायपुर की ओर से आ रही एक संदिग्ध क्रेटा कार को रोका। तलाशी के दौरान कार के दरवाजों के फाइबर हटाने पर अंदर छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए।

ओडिशा से लाकर दुर्ग-भिलाई में करते थे सप्लाई

पुलिस ने मौके से मुख्य आरोपी तीरथा ठेला (निवासी राजा खरियार, ओडिशा) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के खरीदार किशन जगत (निवासी कुम्हारी) का नाम बताया, जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर दुर्ग-भिलाई में ऊंचे दामों पर बेचते थे।

7.25 लाख का माल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.5 किलो गांजा, एक क्रेटा कार, 22 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 7 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


Related Articles