दुर्ग में दो मामले में बड़ी कार्रवाई, नशे की अवैध बिक्री करने वाले 2 गिरफ्तार, घरेलू विवाद में महिला पर हमला करने वाला भी धराया

दुर्ग में दो मामले में बड़ी कार्रवाई, नशे की अवैध बिक्री करने वाले 2 गिरफ्तार, घरेलू विवाद में महिला पर हमला करने वाला भी धराया

Durg Crime News दुर्ग जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मोहन नगर थाना पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री में लिप्त दो आरोपियों को पकड़ा, जबकि जामुल थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में महिला पर धारदार हथियार से हमला करने वाले आरोपी को दबोच लिया गया।

मोहन नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आशा नगर स्थित खंडहर सुलभ के पास दो व्यक्ति नशीली कैप्सूल लेकर ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित घेराबंदी कर शंभूराम साहू (63) और नंद कुमार यादव (25) को मौके पर ही गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 96 नग प्रतिबंधित स्पैमसो प्लस कैप्सूल बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 38,400 रुपये आंकी गई। इसके अलावा 800 रुपये नगद भी जब्त किए गए। आरोपियों ने पूछताछ में अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से नशीली दवाइयों की बिक्री करना स्वीकार किया। इस मामले में मोहन नगर थाना में अपराध क्रमांक 238/2026 दर्ज किया गया और आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8, 22 और 27(ए) के तहत कार्रवाई की गई। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।

वहीं, जामुल थाना क्षेत्र में एक घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आदित्य नगर निवासी हर्षा माण्डरे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी भतीजी के घर हाउसिंग बोर्ड भिलाई गई थी, तभी भतीजी के पति ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और घर में रखे धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी सुदीप जाधव (40) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने अपराधियों को पकड़ने में सफलता दिलाई और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद की।

Read More : रायपुर में हैरान करने वाली वारदात, चालान से बचने के लिए ड्राइवर ने ट्रैफिक थाने से ही अपना ट्रक चुराया, पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी धर दबोचा


Related Articles