सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 किलो गांजा के साथ 3 गिरफ्तार, फरार दो आरोपियों की तलाश जारी

सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 किलो गांजा के साथ 3 गिरफ्तार, फरार दो आरोपियों की तलाश जारी

Surajpur Police Ganja Seizure सूरजपुर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 4 लाख रुपये कीमत के 8 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त टाटा सफारी वाहन को भी जब्त किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

डीआईजी और एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और वाहनों की प्रभावी जांच करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से ही पुलिस लगातार नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर नजर रखते हुए कार्रवाई कर रही है।

इसी क्रम में 3 मार्च 2026 को चौकी लटोरी पुलिस की टीम मुख्य मार्ग लटोरी में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान अंबिकापुर की ओर से आ रही टाटा सफारी वाहन क्रमांक CG 15 EG 4455 को पुलिस चेकिंग करता देख वाहन चालक ने चेकिंग स्थल से लगभग 50 मीटर पहले वाहन रोककर वापस मुड़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।

संदेह के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान सफारी वाहन में सवार दो व्यक्ति मौके से भागने में सफल हो गए, जबकि तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जीवधन पैंकरा (28 वर्ष) निवासी सोनगरा, सुरेंद्र कुमार लास्कर (20 वर्ष) और ललित यादव (21 वर्ष) निवासी ग्राम बरौधी थाना भटगांव के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही सफारी वाहन को जब्त कर लिया है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी अरुण गुप्ता, एएसआई मानिकदास, प्रधान आरक्षक दिलेश्वर सिंह, आरक्षक विकास मिश्रा, संतोष जायसवाल, शोभनाथ कुशवाहा, इस्तियाक अहमद, देवकीनंदन खुटिया, कैलू राजवाड़े, सुनील एक्का और सैनिक तामेश्वर राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।

Read More : भानपुरी अस्पताल में हेल्थ एटीएम का शुभारंभ, मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने नारायणपुर क्षेत्र में विकास कार्यों का किया भूमिपूजन


Related Articles