CG Bijapur News: बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में दो वर्दीधारी नक्सली ढेर, हथियार बरामद

CG Bijapur News: बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में दो वर्दीधारी नक्सली ढेर, हथियार बरामद

CG Bijapur News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान दो वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। घटनास्थल से एसएलआर और इंसास राइफल समेत अन्य हथियार और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है। एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।

जानकारी के मुताबिक जांगला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रावती नदी के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को सर्चिंग अभियान के लिए रवाना किया गया।

जवानों को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

एसपी डॉ. जितेंद्र यादव के अनुसार सर्च अभियान के दौरान दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए। मौके से एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद हुई है। फिलहाल पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है और सुरक्षा बल सतर्कता बरत रहे हैं।


Related Articles