रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, लावारिश बैग से 6 लाख का गांजा जब्त, CCTV खंगाल रही GRP

रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई, लावारिश बैग से 6 लाख का गांजा जब्त, CCTV खंगाल रही GRP

Raigarh Railway Station Ganja Seizure News रायगढ़ में हटिया-एलटीटी एक्सप्रेस ट्रेन में गांजा तस्करी का मामला सामने आया है, जहां एक अज्ञात व्यक्ति गांजा से भरा ट्रॉली बैग ट्रेन में छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने बैग को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, हटिया-एलटीटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर गंतव्य की ओर जा रही थी। शनिवार शाम को ट्रेन की बोगी नंबर 73 में सफर कर रहे यात्रियों को एक लावारिश ट्रॉली बैग दिखाई दिया। काफी देर तक कोई यात्री उस बैग के पास नहीं आया, जिससे यात्रियों को संदेह हुआ और उन्होंने इसकी सूचना टीटीई को दी।

टीटीई ने बैग के मालिक की तलाश करवाई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर मामले की सूचना रायगढ़ जीआरपी और आरपीएफ को दी गई। ट्रेन जब शाम करीब 4 बजे रायगढ़ स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर पहुंची, तब रेलवे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैग की जांच की।

बैग खोलने पर उसमें 12 पैकेट में कुल 12 किलो 680 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 25 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने गांजा जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जीआरपी थाना प्रभारी आरके बोरझा के अनुसार, यात्रियों से पूछताछ में पता चला कि झारसुगुड़ा से पहले ही बैग लावारिश स्थिति में पड़ा था। आशंका है कि आरोपी को संदेह होने पर वह किसी स्टेशन पर उतर गया। अब पुलिस झारसुगुड़ा समेत उससे पहले के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच जारी है।


Related Articles