उत्तराखंड। हल्द्वानी में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां नहर में कार गिरने से एक बच्चे समेत चार की मौत हो गई। कार पुल के नीचे फंस गई जिससे बाहर निकलना मुश्किल था। रातभर से हो रही मूसलाधार बारिश से नदी नाले उफान पर थे। नहर में भी पानी बढ़ गया था। अचानक से कार का संतुलन बिगड़ा और कार नहर में जा गिरी।
बताया जा रहा है कि, कार में सात लोग सवार थे। नहर में गिरने के बाद जब कार पलटी तो उसमें पानी भर गया। पानी भरने के चलते लोग गाड़ी से बाहर नहीं निकल पाए। इस हादसे की सूचना जब पुलिस को दी गई तो मौके पर बचाव दल पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। तीन लोग इस हादसे में घायल हैं। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
सिटी एसपी प्रकाश चंद्र ने कहा कि, नहर में पानी के तेज बहाव के चलते कार बह गई। शीशा तोड़कर देखा तो चार लोगों की मौत हो गई थी। इनमें एक बच्चा भी शामिल है। बाकी तीन लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। ये लोग किच्छा के रहने वाले हैं।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि, ‘हल्द्वानी में हुई कार दुर्घटना में चार लोगों के निधन एवं तीन लोगों के घायल होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।’