CG Road Accident News : छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गृह मंत्री विजय शर्मा के काफिले से एक बाइक की टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और पुलिस ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, गृह मंत्री विजय शर्मा कवर्धा दौरे पर थे। रेस्ट हाउस से निकलने के दौरान उनके काफिले की एक गाड़ी से अचानक एक बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उन्हें हाथ व पैर में चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद काफिले में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को संभाला और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों युवकों की हालत फिलहाल सामान्य है और उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

