Chhattisgarh Mahasamund News : महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बरोंडा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से रविवार और सोमवार की दरमियानी रात 8 अपचारी बालक खिड़की तोड़कर फरार हो गए। घटना सामने आते ही महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी कर फरार बालकों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात अपचारी बालकों ने सुनियोजित तरीके से संप्रेक्षण गृह की लोहे की खिड़की तोड़ी और वहां से फरार हो गए। फरार हुए बालकों में एक अनाचार, दो चोरी, तीन आबकारी अधिनियम (अवैध शराब) और दो गांजा तस्करी के मामलों में निरुद्ध थे।
घटना की सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद जिले के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित ठिकानों पर संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस फरार बालकों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इस घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। रात्रिकालीन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की भूमिका और संभावित लापरवाही की जांच शुरू कर दी गई है। विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के साथ ही दोषियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
गौरतलब है कि जुलाई महीने में भी अंबिकापुर बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फरार हो गए थे, जबकि बिलासपुर में सुरक्षा गार्ड की हत्या के बाद चार नाबालिग बंदी भाग निकले थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने बाल संप्रेक्षण गृहों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

