जगदलपुर के हर्राकोडेर में मढ़ई मेला का आयोजन, विधायक विनायक गोयल हुए शामिल, सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने पर दिया जोर

जगदलपुर के हर्राकोडेर में मढ़ई मेला का आयोजन, विधायक विनायक गोयल हुए शामिल, सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने पर दिया जोर

Jagdalpur Madhai Mela Harrakoder News जगदलपुर के सुदूर ग्राम पंचायत हर्राकोडेर में आयोजित पारंपरिक मढ़ई मेला में विधायक विनायक गोयल ने शामिल होकर मां गंगादेई माता के चरणों में पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु शामिल हुए।


मढ़ई मेला को क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताते हुए विधायक गोयल ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने तथा समाधान का भरोसा दिलाया।


कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों का स्नेह और उत्साह देखकर विधायक भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जो उन्हें लगातार जनसेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
मेला कार्यक्रम के बाद विधायक ने शासकीय कन्या आश्रम शाला हर्राकोडेर का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन, रहन-सहन और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


विधायक ने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं के उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी, जिला पंचायत सदस्य चन्द्रभान कश्यप, मंडल अध्यक्ष मंगतुराम कश्यप, पूर्व मंडल अध्यक्ष नरसिंह ठाकुर, जनपद उपाध्यक्ष बसंत कश्यप सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


Related Articles