Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन को अदालत से राहत नहीं मिली है। फर्जी खबरें प्रकाशित करने, AI टूल की मदद से तस्वीरों में छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर लोगों को ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार दीपक टंडन की जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी है। नवम सत्र न्यायाधीश की अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए यह फैसला सुनाया है। वहीं, पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से रायपुर लेकर पहुंची, जहां कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दीपक टंडन पर न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों की छवि खराब करने वाली भ्रामक खबरें प्रकाशित करने का आरोप है। आरोप है कि वह AI टूल की मदद से लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री तैयार करता था। इसके बाद ऐसी तस्वीरें और खबरें प्रसारित कर संबंधित लोगों से रुपये वसूलने के लिए दबाव बनाया जाता था। इस मामले में तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय की शिकायत पर सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। पुलिस का दावा है कि मोबाइल फोन की जांच में आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो सामग्री मिली है।
अब पुलिस दीपक टंडन को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर से रायपुर लेकर पहुंची है। उसे अदालत में पेश किया गया है। बताया जा रहा है कि दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, कोरबा और सक्ती समेत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर करीब 10 FIR दर्ज हैं।
दोनों पर होटल पर अवैध कब्जा, जमीन संबंधी धोखाधड़ी, फर्जी सौदे और फॉर्च्यूनर कार बेचने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। इसके अलावा कोयला कारोबारियों और SECL में ठेका दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी, रुपये मांगने पर धमकी देने और AI से तैयार की गई तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेलिंग के आरोप भी सामने आए हैं। दीपक टंडन का नाम पूर्व डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आ चुका है।
फिलहाल पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच कर रही है। मामले में सामने आए आरोपों की जांच जारी है और इन पर अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होगा।

