Baloda Bazar Latest News: दिवाली पर करंट ने उजाड़ा पूरा परिवार, पिता-पुत्र के बाद मां की भी इलाज के दौरान मौत

Baloda Bazar Latest News: दिवाली पर करंट ने उजाड़ा पूरा परिवार, पिता-पुत्र के बाद मां की भी इलाज के दौरान मौत

Chhattisgarh Baloda Bazar News: बलौदाबाजार। जिले में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को करंट लगने से पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से झुलसी महिला ने भी शनिवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना बलौदाबाजार के नेहरू चौक की है। यहां रहने वाले राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह अपने घर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। उन्हें करंट लगता देख चीख-पुकार मच गई। पति को बचाने के लिए पहुंची पत्नी वर्षा और बेटा ईशान भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में राकेश और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई थी।

वहीं, गंभीर रूप से घायल वर्षा को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद रायपुर रेफर किया गया था। उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। शनिवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में परिवार के तीनों सदस्यों की जान चली गई।

इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में हाईटेंशन लाइन से करंट और आग निकलती दिखाई दे रही थी। आग की लपटें राकेश के घर की बालकनी तक पहुंच गई थीं। इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


Related Articles