दुर्ग में 6 दिन बाद मजदूर ने तोड़ा दम, हटने की बात से विवाद बढ़ा और हुआ हमला, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

दुर्ग में 6 दिन बाद मजदूर ने तोड़ा दम, हटने की बात से विवाद बढ़ा और हुआ हमला, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

दुर्ग जिला के पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समोदा में काम के दौरान हुए एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई। 21 मार्च को हुए इस हमले में गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय गोविंद यादव ने इलाज के दौरान छह दिन बाद दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, घटना के दिन गोविंद यादव अपने सहकर्मी परमेश्वर यादव के साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान गोविंद यादव ने उसे सावधान करते हुए कहा कि वह साइड हटकर रहे, क्योंकि उसके ऊपर बोरी गिर सकती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी परमेश्वर यादव ने धारदार हथियार से गोविंद यादव पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद घायल गोविंद यादव को शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी था। करीब छह दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और तीन बेटे हैं, जिससे उनके निधन के बाद परिवार पर संकट गहरा गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी परमेश्वर यादव (40) निवासी समोदा को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका था। अब पीड़ित की मौत के बाद उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत हत्या का अपराध जोड़ा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल की मरचुरी में रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

Read More : इंटर-स्टेट ATM लूट गिरोह के 2 सदस्य गिरफ्तार, UP से आकर दुर्ग और रायपुर में करते थे रेकी, मेटाडोर से मशीन उखाड़ने की कोशिश थी


Related Articles