KTUJM new Vice Chancellor: रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं कुलाधिपति रामेन डेका ने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में कुलपति पद पर प्रोफेसर मनोज दयाल की नियुक्ति की है।
जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय अधिनियम, 2004 तथा संशोधन अधिनियम 2025 की धारा 11 की उपधारा (1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति की गई है। प्रो. मनोज दयाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से विश्वविद्यालय के कुलपति पद का दायित्व संभालेंगे।
प्रो. दयाल वर्तमान में गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, हिसार (हरियाणा) के मास कम्युनिकेशन विभाग में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता एवं जनसंचार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है।
विश्वविद्यालय परिवार और शिक्षा जगत में उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है। इससे विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध गतिविधियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

