Korba News : रंजीत यादव की तलाश जारी, प्रशासन ने बांध के आसपास जाने पर लगाई सख्ती

Korba News : रंजीत यादव की तलाश जारी, प्रशासन ने बांध के आसपास जाने पर लगाई सख्ती

Chhattisgarh Korba News : कोरबा। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध इन दिनों उफान पर है। लगातार बारिश के चलते बांध के सात गेट खोल दिए गए हैं और करीब 25 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। इसी बीच शनिवार को बांध देखने पहुंचे 23 वर्षीय युवक ने अचानक खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी। कुछ देर तक युवक पानी में तैरता नजर आया, लेकिन तेज बहाव में वह देखते ही देखते ओझल हो गया। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।

पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गांव निवासी रंजीत यादव अपने तीन दोस्तों के साथ बांगो बांध घूमने पहुंचा था। चारों दोस्त गार्डन के पास खड़े होकर बांध का नजारा देख रहे थे। इसी दौरान तीनों दोस्त रंजीत से कुछ दूरी पर चले गए। उनके दूर जाते ही रंजीत गार्डन की रेलिंग पर चढ़ गया और अचानक बांध के खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी। रंजीत के अचानक छलांग लगाने से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

छलांग लगाने के बाद वह कुछ देर तक पानी में तैरता दिखाई दिया। आसपास मौजूद लोगों को उम्मीद थी कि वह तैरकर बाहर निकल आएगा, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण कुछ ही देर बाद वह आंखों से ओझल हो गया। बांध से करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण नदी में बहाव काफी तेज है।

घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और रंजीत की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने उसके परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। स्वजन के मौके पर पहुंचने के बाद वहां माहौल गमगीन हो गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण नीतिश ठाकुर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू और तलाशी अभियान चुनौतीपूर्ण है। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है।

बांध के गेट खोले जाने के बाद प्रशासन की ओर से लोगों को बांध के आसपास नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। इसके बावजूद लोग बांध का नजारा देखने और सेल्फी लेने पहुंच रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान बांध, नदी और तेज बहाव वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें। फिलहाल रंजीत का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।


Related Articles