Korba News: जंगल में जन्मे हथिनी के बच्चे की सात गांवों के लोग मनाएंगे छठी, 25 अक्टूबर को होगा भंडारा

Korba News: जंगल में जन्मे हथिनी के बच्चे की सात गांवों के लोग मनाएंगे छठी, 25 अक्टूबर को होगा भंडारा

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। हाथी-मानव द्वंद्व के बीच जिले के करतला विकासखंड के साजापानी जंगल से इंसान और वन्यजीवों के बीच सह-अस्तित्व की अनूठी मिसाल सामने आई है। यहां 20 अक्टूबर को एक हथिनी ने बच्चे को जन्म दिया। नन्हे हाथी के जन्म की खुशी में आसपास के सात गांवों के ग्रामीण 25 अक्टूबर को छठी मनाने की तैयारी कर रहे हैं। ग्रामीणों की यह पहल क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

इस आयोजन में साजापानी के साथ जामपानी, पहाड़गांव, रामभांठा, लबेद, घुईचुआ और काशीपानी के ग्रामीण भी शामिल होंगे। मां कांशीरानी नवयुवक सेवा समिति, साजापानी इस कार्यक्रम को आयोजित करने में जुटी है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के बावजूद अब तक इन गांवों के लोगों को उनसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। इसी भावना के साथ ग्रामीण नन्हे हाथी के जन्म की खुशी साझा करना चाहते हैं।

आयोजन के लिए ग्रामीण अपनी सामर्थ्य के अनुसार पांच से 20 रुपये तक सहयोग राशि दे रहे हैं। इसके अलावा भंडारे के लिए चावल भी एकत्र किया जा रहा है। समिति ने निमंत्रण पत्र छपवाकर ग्रामीणों, वन विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है।

25 अक्टूबर को आयोजित भंडारे में दाल, चावल और सब्जी परोसी जाएगी। जंगल में जन्मे हाथी के बच्चे के लिए इंसानी परंपरा के अनुसार छठी मनाने की यह पहल वन्यजीवों के प्रति ग्रामीणों के जुड़ाव और सह-अस्तित्व की भावना को दर्शाती है।


Related Articles