Korba News : बरसाती नाले ने छीनी जान: बेटे ने दिखाई हिम्मत, लेकिन पिता की सांसें नहीं बचा पाया

Korba News : बरसाती नाले ने छीनी जान: बेटे ने दिखाई हिम्मत, लेकिन पिता की सांसें नहीं बचा पाया

Chhattisgarh Korba News : कोरबा। लगातार बारिश के बीच कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। पुलकदई नाले में मछली पकड़ने के दौरान पानी के तेज बहाव में बह रहे पिता को बचाने के लिए 19 वर्षीय बेटे ने बिना अपनी जान की परवाह किए उफनते नाले में छलांग लगा दी। करीब आधा किलोमीटर तक संघर्ष करने के बाद उसने पिता को किनारे तक पहुंचा दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, श्यामनगर बस्ती निवासी राजकुमार खैरवार (45) शनिवार को अपने बेटे संदीप के साथ प्रेम नगर घाट पर मछली पकड़ने गए थे। जाल फेंकते समय उनका पैर फिसल गया और वह उफनते पुलकदई नाले में गिर गए। पिता को बहता देख संदीप तुरंत पानी में कूद गया और तेज बहाव के बीच लगातार उन्हें संभालने की कोशिश करता रहा।

दोनों करीब आधा किलोमीटर तक बहते हुए मैगजीन भाटा के पास पहुंचे, जहां बहाव कम होने पर संदीप किसी तरह पिता को किनारे लाने में सफल रहा। आसपास के लोगों की मदद से राजकुमार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। पिछले एक सप्ताह में डूबने से यह तीसरी मौत है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान उफनते नदी-नालों से दूर रहने और जोखिम न उठाने की अपील की है।


Related Articles