Chhattisgarh Korba News: कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकड़हा में खेत के पास महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय सुखमनिया एक्का के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक हत्या का आरोप उसके पड़ोसी सहस राम मिंज पर है। मामले की जांच में डॉग स्क्वॉड के बाघा ने अहम भूमिका निभाई और घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर आरोपी के घर तक पहुंचकर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग दिया।
घटना 23 सितंबर की है, जब ग्राम लोकड़हा में खेत के पास सुखमनिया एक्का का शव संदिग्ध अवस्था में मिला था। उसके सिर पर पत्थर से वार के निशान थे। सूचना मिलते ही पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक, साइबर और डॉग स्क्वॉड की टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल से रक्तरंजित पत्थर भी जब्त किया गया।
लोकड़हा वनांचल क्षेत्र में स्थित है और आसपास छोटी पहाड़ियों के कारण जांच के दौरान तकनीकी एवं संचार साधनों से जुड़ी सीमाओं का सामना करना पड़ा। ऐसे में पुलिस ने डॉग स्क्वॉड के बाघा की मदद ली। बाघा ने घटनास्थल से सुराग लेने के बाद ऊंचे-नीचे रास्तों से करीब 500 मीटर दौड़ लगाई और एक घर में जाकर रुक गया। इसके बाद पुलिस ने घर में रहने वाले सहस राम को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार शुरुआत में आरोपी सहस राम मिंज पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन पूछताछ के दौरान उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। आरोपी की पहचान सहस राम मिंज पिता प्रेम सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम लोकड़हा उरांवपारा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतका सुखमनिया एक्का उसकी पत्नी की सहेली थी और दोनों के घर करीब 50 मीटर की दूरी पर थे। आरोपी का आरोप था कि सुखमनिया शराब पीती थी और उसकी पत्नी के साथ उसके छोटे भाई की पत्नी को भी शराब पिलाती थी। उसने कई बार सुखमनिया को ऐसा करने से मना किया था।
पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर की शाम आरोपी बकरी चराकर घर लौटा तो उसने अपनी पत्नी, बहू और सुखमनिया को शराब के नशे में देखा। इस बात से नाराज होकर उसने सुखमनिया को घर से भगा दिया। जब सुखमनिया अपने चाचा के घर की ओर जा रही थी, तब आरोपी ने उसका पीछा किया और मुड़हीकुवां खेत के पास सुनसान जगह पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। कार्रवाई एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नीतिश ठाकुर और कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में की गई। मामले में पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच को आगे बढ़ाते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।

