Chhattisgarh Khelo India Tribal Games: रायपुर। छत्तीसगढ़ की मेहमाननवाजी और सांस्कृतिक समृद्धि ने एक बार फिर देशभर से आए खिलाड़ियों का दिल जीत लिया। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में हिस्सा लेने पहुंचे सिक्किम के फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए बारनवापारा अभयारण्य और सिरपुर का भ्रमण यादगार अनुभव बन गया।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की पहल पर खिलाड़ियों को प्रदेश की प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहर से रूबरू कराया गया। मोहदा स्थित हरेली इको रिसॉर्ट की ओर जाते समय खिलाड़ियों का सफर उस वक्त रोमांचक हो गया, जब जंगल के बीच उन्हें एक भालू का शावक दिखाई दिया। इस अप्रत्याशित वन्यजीव दर्शन ने सभी को रोमांचित कर दिया।
रिसॉर्ट पहुंचने पर खिलाड़ियों का स्वागत पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में किया गया। मांदर की थाप पर प्रस्तुत करमा नृत्य ने माहौल को जीवंत बना दिया। सिक्किम के खिलाड़ी भी खुद को रोक नहीं पाए और स्थानीय कलाकारों के साथ थिरकते नजर आए। इस दौरान पूर्वोत्तर और मध्य भारत की संस्कृतियों का अनूठा संगम देखने को मिला।
प्राकृतिक सौंदर्य के बीच खिलाड़ियों ने बैम्बू राफ्टिंग का भी आनंद लिया। शांत जलधाराओं में बांस की नाव पर तैरते हुए उन्होंने प्रकृति की शांति और रोमांच को करीब से महसूस किया।
इसके बाद खिलाड़ियों ने सिरपुर के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया, जहां प्राचीन मंदिरों, बौद्ध विहारों और कलाकृतियों को देखकर उन्होंने छत्तीसगढ़ के गौरवशाली इतिहास की सराहना की। यह पूरा अनुभव खिलाड़ियों के लिए एक अविस्मरणीय याद बन गया।

