Khargone News : सहकारी बैंक में 41.58 लाख का गबन उजागर, शाखा प्रबंधक समेत 3 कर्मचारी निलंबित

Khargone News : सहकारी बैंक में 41.58 लाख का गबन उजागर, शाखा प्रबंधक समेत 3 कर्मचारी निलंबित

Khargone News :  खरगोन। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से संबद्ध ठीबगांव शाखा में 41.58 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आने के बाद बैंक अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। मामले के उजागर होते ही बैंक प्रबंधन ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए शाखा प्रबंधक, कैशियर और सहायक गणक को निलंबित कर दिया है। साथ ही तीनों कर्मचारियों के बैंक खाते भी सीज कर दिए गए हैं।

41 लाख रुपये से ज्यादा का मिला अंतर

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की सीईओ संध्या रोकड़े ने बताया कि 25 मई को शाखा में नियमित नगद मिलान और भौतिक सत्यापन के दौरान बड़ी वित्तीय गड़बड़ी सामने आई। जांच में बैंक की वास्तविक नगद राशि और रिकॉर्ड में दर्ज रकम में 41 लाख 58 हजार 95 रुपये का अंतर पाया गया।

बताया गया कि जांच के दौरान कैशियर रितु गोयल बिना किसी सूचना के शाखा से गायब हो गई थीं और उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला।

पंचनामा बनाकर पुलिस को दी सूचना

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और शाखा में पंचनामा तैयार किया गया। इसके साथ ही जैतापुर थाना पुलिस को भी जानकारी दी गई।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि नकद हस्तांतरण और संयुक्त निरीक्षण से जुड़ी निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया, जिसके कारण इतनी बड़ी राशि एक ही कर्मचारी के पास उपलब्ध रही।

शाखा प्रबंधक समेत तीन कर्मचारी निलंबित

मामले में कार्रवाई करते हुए:

  • कैशियर रितु गोयल
  • सहायक गणक (वाल टेलर) त्रयम्बक वाणी
  • शाखा प्रबंधक राजेश राठौर

को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

बैंक प्रबंधन ने तीनों के बैंक खाते सीज कर दिए हैं और राशि रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एफआईआर की तैयारी, भोपाल से जांच दल गठित

जैतापुर थाना प्रभारी के अनुसार बैंक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। वहीं विभागीय स्तर पर भोपाल से भी जांच दल गठित किया गया है, जो पूरे मामले की जांच करेगा।

मार्च में ही मिला था कैशियर का चार्ज

बैंक सूत्रों के अनुसार रितु गोयल को मार्च महीने में ही कैशियर का प्रभार दिया गया था। इससे पहले वह शाखा में बाबू के पद पर कार्यरत थीं। पूर्व कैशियर के सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

देर रात तक खुली रही बैंक शाखा

स्थानीय लोगों के मुताबिक सोमवार रात करीब 11 बजे तक बैंक शाखा खुली रही और उसी रात पंचनामा भी तैयार कर लिया गया था। हालांकि बैंक सीईओ ने कहा कि उन्हें पूरे मामले की जानकारी मंगलवार शाम को मिली, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई।

ग्राहकों को बैंक का भरोसा

सीईओ संध्या रोकड़े ने ग्राहकों को आश्वस्त किया है कि बैंक की राशि सुरक्षित है और किसी भी ग्राहक को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। दोषियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई जारी है।


Related Articles