रायपुर। विजय शर्मा ने कवर्धा क्षेत्र में 12 करोड़ 63 लाख 55 हजार रुपये की लागत से बनने वाली 13.6 किलोमीटर लंबी तीन सड़कों का भूमिपूजन किया। इन सड़कों के निर्माण, मजबूती और उन्नयन से ग्रामीण क्षेत्रों का शहरों से संपर्क मजबूत होगा और आवागमन सुगम बनेगा। इस दौरान उन्होंने ग्राम बैहरसरी में 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा भी की।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में मेन रोड से बैहरसरी तक 6.05 करोड़ रुपये की लागत से 8.80 किलोमीटर, मदनपुर से बटुराकछार तक 2.69 करोड़ रुपये की लागत से 1.40 किलोमीटर तथा खड़ौदा से मदनपुर तक 3.87 करोड़ रुपये की लागत से 3.40 किलोमीटर लंबी सड़क शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को आवागमन में सहूलियत होगी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में हर गांव का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है और अच्छी सड़कों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को शहरों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से किसान अपनी उपज आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे, जिससे लागत कम होगी और समय की बचत होगी। साथ ही विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में सुविधा मिलेगी, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने विकसित भारत जी राम जी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक ग्रामीण परिवार को 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। यदि निर्धारित समय में रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान भी रखा गया है। ग्राम पंचायतें अब अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार विकास कार्य तय करेंगी, जिनमें जल संरक्षण, तालाब निर्माण, नाली-सड़क, भूमि सुधार और पौधारोपण जैसे कार्य शामिल होंगे।
उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को पक्का मकान स्वीकृत किए गए हैं। आवास प्लस 2024 सर्वे के माध्यम से वास्तविक पात्र हितग्राहियों की पहचान कर सूची ग्राम सभा में प्रस्तुत की जाएगी और प्रस्ताव के बाद क्रमवार आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।

