Karwa Chauth Viral Video Man Keeps Fast For Friend: देशभर में करवा चौथ की रौनक है, जहां पत्नियां अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं। लेकिन मध्यप्रदेश के भिंड में एक अनोखा मामला सामने आया है जहां एक युवक ने अपने सबसे करीबी दोस्त के लिए करवा चौथ का व्रत रखा। न सिर्फ व्रत रखा, बल्कि सोलह श्रृंगार कर लहंगा पहन बाजार पहुंचा और पूजा की थाली भी सजाई। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। इस मामले को दोस्ती की मिसाल के रूप में देखा जा रहा है। युवक का कहना है कि दोस्ती में कोई जेंडर नहीं होता, केवल भावना जरूरी होती है।
श्रृंगार कर लहंगे में बाजार पहुंचा युवक
करवा चौथ के अवसर शुक्रवार को भिंड के सदर बाजार में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। एक युवक पूरी तरह दुल्हन के रूप में सजे-धजे बाजार में घूम रहा था। पहले लोगों को लगा कि कोई नई नवेली दुल्हन है, लेकिन पास जाकर पता चला कि यह युवक है नाम है विनोद शर्मा।
दोस्त ने दोस्त के लिए रखा व्रत
विनोद शर्मा ने अपने करीबी दोस्त हरीश शर्मा की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखा। उसने महिलाओं की तरह श्रृंगार किया, लाल लहंगा पहना और हाथ में करवा-छलनी लेकर बाजार में पूजा की थाली खरीदी। लोग पहले हैरान हुए, फिर लोगों को असलियत पता चली तो दोस्ती की सराहना करने लगे।
दुल्हन बने युवक को देख हैरान हुए लोग
जब विनोद, अपने दोस्त हरीश के साथ बाइक पर बैठकर खरीददारी करने के लिए बाजार पहुंचा, तो लोग चौंक गए। पहले तो सभी को लगा कि यह कोई महिला है, लेकिन असलियत जानने पर हर कोई आश्चर्य में पड़ गया। कई राहगीरों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
Read More : खैरागढ़ में दंपती की बेरहमी से हत्या, घर में मिला खून से लथपथ लाश, जांच में जुटी पुलिस
युवक बोला- दोस्ती में जेंडर नहीं, भावना जरूरी
विनोद शर्मा ने कहा कि मैंने अपने दोस्त की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखा है। इस व्रत को पत्नी धर्म की तरह निभाऊंगा और शाम को छलनी से उसका चेहरा देखकर व्रत तोड़ूंगा। दोस्ती या प्यार में कोई जेंडर नहीं होता, सिर्फ भावना जरूरी होती है।
यह व्रत मेरे दोस्त के प्रति मेरी गहरी भावनाओं और निस्वार्थ समर्पण का प्रतीक है। सोलह श्रृंगार करना, लहंगा पहनना और छलनी से उसका चेहरा देखना मेरे लिए सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि एक बेहद भावुक क्षण था। इस अनोखी पहल का विचार हरीश का ही था, ताकि हमारी दोस्ती को एक यादगार और मिसाल बनाने वाला रूप दिया जा सके।
अनोखी दोस्ती का वीडियो हुआ वायरल
दोस्तों के इस अनोखे करवा चौथ व्रत और बाजार में लहंगा पहनकर करवा-छलनी खरीदने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसको लेकर यूजर्स प्रतिक्रिया दे रहे हैं। भावनात्मक पहल को कई लोगों ने सराहा, लेकिन कुछ ने इसे दिखावा और बकवास भी कहा। विनोद ने स्पष्ट कहा कि यह उनका निजी फैसला है और इसे कोई प्रचार का माध्यम न समझे।

