Kanker News:चप्पल और कपड़ों से हुई मृतक की पहचान, पश्चिम बंगाल का रहने वाला था युवक

Kanker News:चप्पल और कपड़ों से हुई मृतक की पहचान, पश्चिम बंगाल का रहने वाला था युवक

Chhattisgarh Kanker News: भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के दुर्गूकोंदल थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। हाहालद्दी मंदिर के पीछे झाड़ियों में शव पड़ा मिला, जबकि मौके पर सिर नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने मंदिर के पीछे झाड़ियों के बीच युवक का क्षत-विक्षत शव देखा। शव की हालत बेहद खराब थी और उसका सिर मौके पर नहीं मिला। ग्रामीणों की सूचना पर दुर्गूकोंदल थाना प्रभारी सुनील दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की।

घटनास्थल के पास एक पेड़ से रस्सी लटकी हुई भी मिली है। रस्सी मिलने के बाद मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और सिर मौके से क्यों गायब है, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है।

पुलिस ने शव के धड़ के पास मिली चप्पल, टी-शर्ट और अन्य पहचान संबंधी जानकारी के आधार पर मृतक की शिनाख्त की। मृतक की पहचान सुकुमार किस्कु, पिता लखु, निवासी सीबीपुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह हाहालद्दी क्षेत्र में संचालित सागर स्टोन माइंस में सर्वेयर के रूप में काम करने के लिए पश्चिम बंगाल से आया था। सागर स्टोन माइंस से जुड़े लोगों ने भी मृतक की पहचान की पुष्टि की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस हत्या, आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं युवक के सिर की तलाश के लिए आसपास के इलाके में सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।


Related Articles