झीट स्कूल का बोर्ड परीक्षा परिणाम शानदार, 10वीं–12वीं में 86% से अधिक सफलता दर; सरपंच रूपेंद्र साहू ने छात्रों का किया सम्मान

झीट स्कूल का बोर्ड परीक्षा परिणाम शानदार, 10वीं–12वीं में 86% से अधिक सफलता दर; सरपंच रूपेंद्र साहू ने छात्रों का किया सम्मान

CG Board Exam Results: झीट। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झीट का इस वर्ष का बोर्ड परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट रहा, जिसमें कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। परिणाम घोषित होने के बाद पूरे स्कूल परिसर में खुशी का माहौल देखा गया।

इस उपलब्धि पर सरपंच रूपेंद्र (राजू) साहू विद्यालय पहुंचे और मेधावी छात्रों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।

कक्षा 10वीं का प्रदर्शन

कक्षा 10वीं का कुल परीक्षा परिणाम 86.4 प्रतिशत रहा।
इसमें प्रियांशु ने 90.3 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। कुल 54 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की, जिनमें 24 छात्रों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।

कक्षा 12वीं का प्रदर्शन

कक्षा 12वीं का परिणाम भी शानदार रहा और कुल 86.31 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
कु. भूमिका ने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मोनिका ने 93.6 प्रतिशत अंक लेकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस कक्षा में 54 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की, जिनमें 3 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 21 विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए।

सरपंच ने दिया सहयोग का भरोसा

सरपंच रूपेंद्र साहू ने छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर वे हमेशा सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को आगे और अधिक मेहनत कर उच्च लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्राचार्य एवं शाला परिवार ने भी सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Related Articles