Jheria Dhobi Samaj Convention News रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ग्राम धुसेरा में आयोजित छत्तीसगढ़ झेरिया धोबी समाज, अभनपुर बेलर परिक्षेत्र के वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों और युवाओं से संवाद करते हुए संगठन की एकता, सेवा भावना और सामाजिक समरसता की सराहना की।
अपने संबोधन में सांसद अग्रवाल ने कहा कि झेरिया धोबी समाज परंपरा, परिश्रम और अनुशासन का सशक्त प्रतीक रहा है। वर्षों से सेवा और स्वच्छता को अपना धर्म मानकर समाज ने सामाजिक जीवन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसके संस्कार, संगठन और सेवा भावना से होती है और झेरिया धोबी समाज इन मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने युवाओं से पुस्तैनी व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि आज लॉन्ड्री और ड्राई-क्लीनिंग जैसे कार्य कॉर्पोरेट स्तर पर ब्रांडिंग और तकनीक के माध्यम से संगठित उद्योग का रूप ले चुके हैं। यह वही कार्य है जिसे समाज पारंपरिक रूप से करता आया है। ऐसे में युवाओं को पीछे हटने के बजाय आधुनिक मशीनों, डिजिटल भुगतान व्यवस्था, ऑनलाइन बुकिंग और प्रोफेशनल प्रबंधन के जरिए इसे लाभकारी उद्योग के रूप में विकसित करना चाहिए।
सांसद ने स्व-सहायता समूह और सहकारी मॉडल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और समाज आर्थिक रूप से सशक्त होगा। साथ ही गरीब बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंद बेटियों के विवाह और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के उपचार में सामूहिक सहयोग की व्यवस्था मजबूत करने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समाज की एकता और प्रगति की कामना करते हुए सांसद निधि से समाज भवन निर्माण के लिए 5 लाख रुपये तथा विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये, कुल 10 लाख रुपये की घोषणा की और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
Read More : पाटन में रमजान माह पर रोजा अफ्तारी कार्यक्रम, बड़ी संख्या में रोजेदारों ने की शिरकत

