Chhattisgarh Jashpur News: जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र के डूंगरजोर गांव में अंधविश्वास के चलते एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टोनही (जादू-टोना करने वाली) होने के संदेह में जेठ ने अपनी विधवा बहू पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पत्थलगांव के एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि सोमवार सुबह डूंगरजोर निवासी सुखसींग राठौर अपनी पड़ोस में रहने वाली विधवा बहू नवीना राठौर के घर पहुंचा। उसने महिला पर जादू-टोना कर परिवार के लोगों की मौत का आरोप लगाया और विवाद करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने पास में पड़े डंडे से नवीना पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वारदात के बाद घर में छिपे आरोपी सुखसींग राठौर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ समय में आरोपी के परिवार में उसकी मां, भाई और नाती की बीमारी से मौत हो गई थी। आरोपी इन मौतों के लिए नवीना राठौर को जिम्मेदार मानता था और उस पर जादू-टोना करने का आरोप लगाकर अक्सर विवाद करता था। इसी अंधविश्वास के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

