Hanuman Jayanti celebrations in Pratappur: प्रतापपुर में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर पूरा नगर भक्ति और आस्था में डूबा नजर आया। प्राचीन पक्की तालाब हनुमान मंदिर एवं सूर्य मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा, जहां सुबह से लेकर देर रात तक पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी लाइटिंग से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण दिव्य और अलौकिक हो उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान के दर्शन कर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर रामायण पाठ और सुंदरकांड का सामूहिक आयोजन भी किया गया, जिसमें भक्त पूरी श्रद्धा के साथ शामिल हुए।
इस वर्ष आयोजन का मुख्य आकर्षण भव्य जगराता रहा, जिसमें छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध भजन गायिका बबीता विश्वास और प्रदीप विश्वास ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं स्थानीय गायक राजेश गुप्ता ने भी जस गीतों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। “जय श्रीराम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के उद्घोष से पूरा नगर गूंज उठा।
कार्यक्रम में बजरंगबली की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसमें भगवान हनुमान के विभिन्न स्वरूपों के साथ अन्य देवी-देवताओं की झलकियां प्रस्तुत की गईं। श्रद्धालुओं ने इन झांकियों का आनंद लेते हुए भक्ति भाव से सहभागिता की।
इस अवसर पर क्षेत्र की विधायक शकुंतला सिंह भी शामिल हुईं। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और जगराता में शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आस्था, विश्वास और एकता को मजबूत करते हैं।
आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का सम्मान किया गया और पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में समर कश्यप, संदीप रजक, राजेश कश्यप, भरत सोनी, व्यापारी संघ अध्यक्ष राजेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अजीत शरण सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया और जगराता में भाग लेकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया। हनुमान जयंती का यह भव्य आयोजन नगरवासियों के मन में भक्ति और विश्वास की ज्योति प्रज्वलित कर गया।

