Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। शहर के नए बस स्टैंड में रविवार देर शाम दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब दुकान के पास हुए विवाद के दौरान चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान मोनू (27) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसी दौरान मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया और मोनू के पेट में चाकू लग गया। गंभीर चोट के चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस विवाद की वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सीएसपी सुमित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।

