JL Dario Retirement News रायपुर। जनसंपर्क विभाग में 36 वर्षों तक उल्लेखनीय सेवाएं देने के बाद अपर संचालक जवाहर लाल दरियो को सेवानिवृत्ति के अवसर पर नवा रायपुर स्थित संवाद के ऑडिटोरियम में गरिमामय विदाई दी गई। आयोजित समारोह में आयुक्त जनसंपर्क डॉ. रवि मित्तल सहित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह में डॉ. रवि मित्तल ने दरियो की सेवा, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। अपर संचालक उमेश मिश्रा ने उनके साथ कार्य के अनुभव साझा करते हुए बताया कि अविभाजित मध्य प्रदेश के इंदौर से स्थानांतरण के दौरान उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया था। वहीं अपर संचालक संजीव तिवारी ने दरियो की सरलता और दायित्वों के प्रति प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का संचालन अपर संचालक आलोक देव ने किया और दरियो के सेवाकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अपने उद्बोधन में दरियो ने वरिष्ठ अधिकारियों से मिले मार्गदर्शन और सहकर्मियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही वे अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके। समारोह आत्मीय और सम्मानपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

