ईशान किशन ने फोड़ा ‘शतकीय बम’, झारखंड ने SMAT जीतकर रचा इतिहास, 19 साल बाद हुआ ऐसा

ईशान किशन ने फोड़ा ‘शतकीय बम’, झारखंड ने SMAT जीतकर रचा इतिहास, 19 साल बाद हुआ ऐसा

Syed Mushtaq Ali Trophy 2025 Final : ईशान किशन की अगुवाई वाली झारखंड टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2025 जीतकर इतिहास रच डाला है। झारखंड ने गुरुवार को पुणे के एमसीएएस स्टेडियम में खेले गए फाइनल में हरियाणा को 69 रनों से रौंदा। झारखंड ने निर्धारित 20 ओवर में 262/3 का विशाल स्कोर बनाने के बाद हरियाणा को 9 गेंद बाकी रहते 193 रनों पर ढेर कर दिया। झारखंड ने पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी अपने नाम की है। टूर्नामेंट को 19 सालों के बाद नया चैंपियन मिला है। भारतीय टीम से बाहर चल रहे ईशान ने फाइनल में ‘शतकीय बम’ फोड़ा। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। उन्होंने भारतीय टी20 टीम में वापसी का मजबूत दावा पेश किया। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने नवंबर 2023 में आखिरी इंटरनेशनल मैच खेला था।

ईशान ने फोड़ा ‘शतकीय बम’

हरियाणा ने टॉस खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर झारखंड को बैटिंग का न्योता दिया। झारखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विराट सिंह (2) पहले ओवर में अंशुल कम्बोज का शिकार बन गए। ऐसे में ईशान ने मोर्चा संभाला। उन्होंने गेंदों में 6 चौकों और 10 छक्कों की मदद से 101 रनों की पारी खेली। यह उनकी 2025 संस्करण में दूसरी सेंचुरी थी। उन्होंने कुमार कुशाग्र (38 गेंदों में 81, आठ चौके, पांच सिक्स) के साथ दूसरे विकेट के लिए 177 रनों की साझेदारी की। ईशान को सुमित कुमार ने 15वें ओवर में बोल्ड किया। कुशाग्र को सामंत जाखड़ ने 16वें ओवर में पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद, अनुकुल रॉय और रॉबिन मिंज ने 75 रनों की अटूट पार्टनरशिप की और झारखंड़ को पहाड़ जैसे स्कोर तक पहुंचाया। अनुकूल 20 गेंदों में 40 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें तीन चौके और दो छक्के हैं। मिंज ने 14 गेंदों में तीन सिक्स के जरिए नाबाद 31 रन जोड़े।

यशवर्धन ने जड़ी आतिशी फिफ्टी

वहीं, लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा ने निराशाजनक आगाज किया। कप्तान अंकित कुमार और आशीष सिवाच पहले ओवर में ही विकेट गंवा बैठे। दोनों का खाता नहीं खुला। ओपनर अर्श रंगा (15 गेंदों में 17) भी कुछ खास नहीं कर पाए। विकेटकीपर यशवर्धन दलाल ने ताबड़ोड़ बल्लेबाज कर हरियाणा की पारी को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने 22 गेंदों में 53 रन बनाए, जिसमें दो चौके और पांच छक्के हैं। यशवर्धन ने निशांत सिंधु के साथ चौथे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी की। दोनों दसवें ओवर में पवेलियन लौटे।

सामंत जाखड़ को नहीं मिला साथ

निशांत ने 15 गेंदों में 6 चौकों के दम पर 31 रन जुटाए। 104 रन पर हरियाणा की पांच गिरने के बाद सामंत जाखड़ (17 गेंदों में 38, दो चौके, चार सिक्स) को दूसरे छोर पर भरोसेमंद साथी नहीं मिला। पार्थ वत्स (3), सुमित कुमार (5), कम्बोज (11) और इशांत भारद्वाज (13) ज्यादा देर नहीं टिके। अमित राणा 13 रन बनाकर नाबाद रहे। झारखंड के लिए सुशांत मिश्रा और बाल कृष्ण ने तीन-तीन जबकि विकाश सिंह और अनुकूल रॉय ने दो-दो शिकार किए। झारखंड देश का प्रमुख टी20 घरेलू टूर्नामेंट जीतने वाला 12वां राज्य बन गया है।

Read More : नाबालिग को चाकू दिखाकर खेत में रेप, रायगढ़ कोर्ट ने सुनाई 20 साल की सजा


Related Articles