गुवाहाटी। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल ने आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ धुआंधार पारी खेलते हुए टीम को मजबूती प्रदान की। गुवाहाटी के बरसापार क्रिकेट स्टेडियम में उन्होंने 32 गेंदों में 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 77 रन बनाए। यशस्वी ने केवल 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनका मौजूदा सीजन का दूसरा और आईपीएल करियर का 17वां अर्धशतक है।
यशस्वी आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा बार 50+ स्कोर बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में अनुभवसंपन्न अंजिक्य रहाणे के बराबर आ गए हैं। उन्होंने अब तक 69 पारियों में 19 बार 50 प्लस रन बनाए हैं। रहाणे ने 93 पारियों में 19 बार पचास प्लस स्कोर किया है। आरआर के लिए सर्वाधिक 50+ स्कोर का रिकॉर्ड जोस बटलर और संजू सैमसन के नाम है।
आरआर के लिए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर:
- 25 – जोस बटलर (82 पारियां)
- 25 – संजू सैमसन (144 पारियां)
- 19 – यशस्वी जायसवाल (69 पारियां)
- 19 – अजिंक्य रहाणे (93 पारियां)
- 16 – शेन वॉटसन (76 पारियां)
यशस्वी की आक्रामक पारी के दम पर राजस्थान रॉयल्स ने 11 ओवर में 150/3 का स्कोर खड़ा किया। बारिश से प्रभावित इस मैच में मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर आरआर को बैटिंग का न्योता दिया। बारिश के कारण मैच लगभग तीन घंटे देर से शुरू हुआ और इसे 11-11 ओवर का संक्षिप्त मुकाबला बनाया गया।
यशस्वी ने पहले ओवर में ही दीपक चाहर से 22 रन बनाए और पारी का शानदार आगाज किया। 15 वर्षीय वैभव सूर्यंवशी ने 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 5 छक्के शामिल थे। यशस्वी और सूर्यंवशी ने 30 गेंदों में 80 रनों की ओपनिंग साझेदारी की। सूर्यंवशी को शार्दुल ठाकुर ने छठे ओवर में तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया।
यशस्वी ने आठवें ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंद पर चौका लगाकर फिफ्टी पूरी की। इसके बाद उन्होंने कप्तान रियान पराग (10 गेंदों में 20, एक चौका और दो छक्के) के साथ तीसरे विकेट के लिए 37 रन जोड़कर टीम को मजबूती दी।

