इंदौर के सहकारनगर (कैट रोड) निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की शिलांग में बड़ा चाकू (डाव) घोंपकर हत्या की गई थी। बदमाशों ने उससे सोने की चेन, अंगूठी, ब्रेसलेट और नकदी लूटे थे। यह जानकारी शिलांग पुलिस ने दी है। पुलिस ने खाई से चाकू और राजा का मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। राजा की पत्नी सोनम का पता नहीं चल सका है। 30 वर्षीय राजा रघुवंशी पत्नी सोनम के साथ 20 मई को हनीमून मनाने शिलांग गया था। नवदंपती 23 मई को डबल डेकर क्षेत्र में झरना देखने गए थे। दोपहर डेढ़ बजे अचानक लापता हो गए। सोमवार को हिस्ट खासी हिल्स जिले की ओसरा (शिलांग) पुलिस ने डबल डेकर क्षेत्र से 150 फीट गहरी खाई से राजा का शव डिकंपोज अवस्था में शव बरामद किया।
Read More : CG Gang Rape: रायपुर में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म, एक साल तक किया ब्लैकमेल
मंगलवार को पुलिस दोबारा उसी जगह पहुंची और सोनम की तलाश की। पुलिस को सोनम तो नहीं मिली पर 10 फीट दूरी पर एक चाकू और राजा का मोबाइल पड़ा मिल गया। इससे स्पष्ट हो गया कि राजा की चाकू मारकर हत्या की गई है। बदमाशों ने उससे सोने की अंगूठी, चेन, ब्रेसलेट और पर्स (नकदी) रुपये छीने हैं।
पहाड़ी इलाके में 50 की रफ्तार से कौन ले गया स्कूटर
राजा की हत्या के पीछे स्थानीय लोगों पर शक गहराता जा रहा है। उसमें किराये से स्कूटर देने वाला युवक प्रमुख संदेही है। राजा और सोनम के गायब होने के बाद स्कूटर वाला डबल डेकर क्षेत्र से स्कूटर लेकर आया और कहा कि स्कूटर लावारिस अवस्था में खड़ा हुआ था। उसमें चाबी लगी थी।
हत्या की जांच करेगी पुलिस
हादसा बता घटना छुपा रही शिलांग पुलिस अब हत्या की जांच करेगी। इसके लिए शिलांग जिले के एसपी विवेक सयैम ने एसआईटी का गठन कर दिया है। उधर मंगलवार को भी पुलिस ने सोनम की डबल डेकर क्षेत्र में तलाश की, मगर रात तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी। राजा के भाई सचिन के मुताबिक हम चाहते हैं कि बहू जिंदा मिले।
पहला संदेही : राजा ने हिल स्टेशन पर घूमने के लिए स्कूटर किराये पर लिया था। उसमें जीपीएस लगा था। इस क्षेत्र में 30 किमी प्रति घंटा की गति से स्कूटर चलाना भी मुश्किल है। सचिन के अनुसार जीपीएस की जांच में 50 की रफ्तार मिली। नई जगह पर राजा और सोनम इतनी रफ्तार में कैसे गाड़ी चला सकते हैं।
दूसरा संदेही : दूसरा प्रमुख संदेही होटलवाला है। राजा और सोनम के बैग उसके पास मिले थे। होटलकर्मियों ने कहा- दोनों साढ़े पांच बजे घूमने निकल गए। रूम न मिलने से बैग छोड़ दिए थे। सचिन का आरोप है कि नवदंपती इतनी जल्दी कैसे उठ सकते हैं। उन्हें जल्दी जाने की कोई जरूरत ही नहीं थी। बैग में डिजिटल लाक था। दोनों बैग के लाक खुले मिले हैं।
तीसरा संदेही : राजा के स्वजन ने तीसरा शक गाइड पर जताया है। गाइड नवदंपती को रास्ते में ही छोड़कर आ गया था। उनका आरोप है कि पुलिस को तीनों के बारे में जानकारी दी, मगर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ तक नहीं की।