रायपुर में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बच्चों को गुलाल-पिचकारी बांट मनाया रंगोत्सव, सुनाई भक्त प्रह्लाद की प्रेरक कथा

रायपुर में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बच्चों को गुलाल-पिचकारी बांट मनाया रंगोत्सव, सुनाई भक्त प्रह्लाद की प्रेरक कथा

Akash Tiwari Holi Celebration News रायपुर। होली महापर्व के अवसर पर रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने अपने वार्ड के बच्चों के साथ रंगोत्सव मनाया। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी उन्होंने बच्चों को रंग-गुलाल और पिचकारी भेंट कर उत्सव की शुरुआत की। नगाड़े की थाप पर बच्चों के साथ होली खेलते हुए उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा कीं और त्योहार के महत्व को सरल शब्दों में समझाया।

आकाश तिवारी ने बच्चों को होली की परंपरा और होलिका दहन की कथा सुनाते हुए भक्त प्रह्लाद, हिरण्यकश्यप और होलिका की कहानी के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि होलिका दहन इसी विश्वास और आस्था का प्रतीक है, जो हमें सत्य, भक्ति और सद्भाव का मार्ग दिखाता है।

इस दौरान करीब 150 से 200 बच्चे उपस्थित रहे। सभी बच्चों ने एक-दूसरे के गालों पर गुलाल लगाकर होली खेली और उपहार में मिली पिचकारियों व रंगों से उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। बच्चों के साथ उनके परिजन भी मौजूद रहे।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि होली आपसी मनमुटाव और मतभेद भुलाकर भाईचारे और प्रेम का संदेश देने वाला त्योहार है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे छल-कपट छोड़कर सदैव प्रेम और सद्भाव के साथ रहें। रंगों की विविधता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे अलग-अलग रंग मिलकर एक हो जाते हैं, वैसे ही समाज में एकता और अपनत्व ही सबसे बड़ा संदेश है। कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

Read More : रायगढ़ में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, एक हफ्ते में 27 वाहन जब्त, तस्करों पर केस दर्ज


Related Articles