Raipur Robbery Case News रायपुर। राजधानी रायपुर में चाकू की नोक पर लूट की वारदात सामने आई है। मामला आजाद चौक थाना क्षेत्र का है, जहां घर छोड़ने के बहाने आरोपियों ने एक युवक को बाइक पर बैठाकर सुनसान गली में ले जाकर उससे नकदी लूट ली। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित मनीष कुमार यदु निवासी जामगांव, दुर्ग ने शिकायत में बताया कि 20 फरवरी 2026 को वह मंदिर हसौद चौक से एक बाइक सवार से लिफ्ट लेकर रायपुर आ रहा था। रास्ते में चालक ने उसे शराब पीने का प्रस्ताव दिया। दोनों लाखे नगर चौक पहुंचे, जहां चालक उसे उतारकर ईदगाहभाठा स्थित अपने ससुराल जाने की बात कहकर चला गया।
कुछ समय बाद वह अपने मित्र के साथ वापस लौटा और मनीष को सरोना स्थित जायका शोरूम छोड़ने के नाम पर फिर से बाइक पर बैठा लिया। रात करीब 1 बजे मुकुट नगर के आगे एक सुनसान गली में बाइक रोककर दोनों ने उससे पैसे की मांग की। मना करने पर आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और पेट पर चाकू टिकाकर जेब में रखे 10 हजार रुपये लूट लिए।
शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी शेख कबीर (22) निवासी ईदगाहभाठा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 1500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

