राजधानी रायपुर में फरार और लंबे समय से न्यायालय के वारंट पर चल रहे आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नॉर्थ जोन में एक ही रात चले विशेष अभियान के दौरान 182 वारंटियों को पकड़ा गया। जिनमें 7 साल से फरार एक आरोपी भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में महिला वारंटी भी शामिल है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान के तहत खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पण्डरी और खम्हारडीह थाना इलाके में स्थायी और गिरफ्तारी वारंटियों के खिलाफ सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक एक साथ दबिश दी गई।
152 वारंटियों को भेजा जेल
- पुलिस ने खमतराई थाना से 27 स्थायी और 13 गिरफ्तारी वारंट।
- थाना उरला से 38 स्थायी और 3 गिरफ्तारी वारंट।
- थाना गुढ़ियारी से 17 स्थायी और 18 गिरफ्तारी वारंट।
- थाना पण्डरी से 18 स्थायी और 4 गिरफ्तारी वारंट।
- थाना खम्हारडीह से 10 स्थायी और 4 गिरफ्तारी वारंटों की तामिली की गई।
- इस तरह 110 स्थायी और 42 गिरफ्तारी वारंटों की तामिली कर कुल 152 वारंटियों को जेल भेजा गया।
इन मामलों के आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में चोरी, लूट, मारपीट, नारकोटिक्स एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार वारंटी शामिल हैं। कई आरोपी वर्षों से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचते फिर रहे थे।

