रायपुर में मीटर लगाने के नाम पर 1.56 लाख ठगे, प्रोसेसिंग फीस के नाम पर जमा करवाए पैसे, मोबाइल ऐप भी डाउनलोड कराया

रायपुर में मीटर लगाने के नाम पर 1.56 लाख ठगे, प्रोसेसिंग फीस के नाम पर जमा करवाए पैसे, मोबाइल ऐप भी डाउनलोड कराया

Raipur Fraud Case रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में बिजली मीटर लगाने के प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने आवेदनकर्ता से 1,56,200 रुपए ट्रांसफर करवा लिए और उसके बाद फोन बंद कर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मुजगहन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित का नाम रोशन देवरात्रे है।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसने बिजली मीटर लगवाने के लिए विद्युत कार्यालय में आवेदन किया था। कुछ दिनों बाद उसे 7643020953 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को विद्युत विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि रोशन के नाम से मीटर लगाने का आवेदन मिला है। आरोपी ने प्रोसेसिंग शुल्क जमा करने के लिए एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने का निर्देश दिया।

आरोपी के झांसे में आकर पीड़ित ने ऐप डाउनलोड किया और बताए गए तरीके से 1,56,200 रुपए ट्रांसफर कर दिए। लेकिन, जब रोशन ने मीटर लगाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी लेने के लिए आरोपी से दोबारा संपर्क किया, तो उसका फोन बंद मिला। इसके बाद पीड़ित ने बिजली कार्यालय से जानकारी ली, जहां पता चला कि उसके नाम से कोई राशि जमा नहीं हुई है। ठगी का एहसास होने पर रोशन ने मुजगहन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मुजगहन थाना प्रभारी निरीक्षक सिद्वेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।


Related Articles