Raigarh Bank Robbery Attempt रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में लगातार दो रात में दो अलग-अलग बैंकों में चोरी की कोशिश का मामला सामने आया है। पंजाब नेशनल बैंक में चोर घुसे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण वारदात अंजाम नहीं दे सके। नाइट पेट्रोलिंग के दौरान आरक्षक परमानंद पटेल और समीर बेक को पटेलपाली स्थित बैंक के बाहर एक संदिग्ध चार पहिया वाहन खड़ा दिखा। बैंक की लाइट बंद होने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही एक युवक बैंक से निकलकर कार में बैठा और साथी के साथ तेजी से फरार हो गया। शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपियों ने बैंक का चैनल गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और CCTV कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दो DVR अपने साथ ले गए। चेस्ट और लॉकर के पास की दीवार तोड़ने की कोशिश भी की गई, लेकिन पुलिस की मौजूदगी से वे सफल नहीं हो सके।
इस घटना में जूटमिल पुलिस की सतर्कता से बड़ी बैंक लूट टल गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी और पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इससे पहले रविवार को धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम खम्हार स्थित ग्रामीण बैंक का ताला तोड़ने का मामला सामने आया था। चोर लॉकर नहीं खोल पाए लेकिन CCTV और DVR लेकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

