मनेंद्रगढ़ में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस योजना बनी वरदान, 5 हजार से अधिक किडनी मरीजों को मिला निःशुल्क इलाज

मनेंद्रगढ़ में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस योजना बनी वरदान, 5 हजार से अधिक किडनी मरीजों को मिला निःशुल्क इलाज

Manendragarh National Dialysis Programme Success रायपुर। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम (जीवनधारा) के अंतर्गत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में किडनी रोगियों को निःशुल्क हेमोडायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना से अब तक 5,210 से अधिक मरीजों को निःशुल्क उपचार का लाभ मिल चुका है। कार्यक्रम के शुरू होने से पहले मरीजों को डायलिसिस के लिए अन्य जिलों या राज्य से बाहर जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बड़ी समस्या होती थी।

जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय डायलिसिस कार्यक्रम की शुरुआत 01 अक्टूबर 2024 को की गई थी। इस सुविधा का उद्घाटन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा किया गया था। वर्तमान में यह सेवा मनेन्द्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय में पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है।

आंकड़ों के अनुसार अब तक 3,503 नेगेटिव, 1,474 हेपेटाइटिस-सी पॉजिटिव और 232 हेपेटाइटिस-बी पॉजिटिव मरीजों का सफलतापूर्वक डायलिसिस किया जा चुका है। यह सुविधा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है।

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार डायलिसिस उन मरीजों के लिए आवश्यक होती है जिनकी किडनी की कार्यक्षमता 90 प्रतिशत से अधिक प्रभावित हो चुकी होती है। स्टेज-5 क्रोनिक किडनी रोग, अचानक किडनी फेल होना, अनियंत्रित मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर स्थितियों में यह उपचार जीवनरक्षक सिद्ध होता है।

डायलिसिस प्रक्रिया के माध्यम से शरीर से विषैले तत्व और अतिरिक्त तरल बाहर निकाला जाता है, जिससे मरीज को राहत मिलती है। समय पर निःशुल्क उपचार मिलने से न केवल मरीजों का आर्थिक बोझ कम हुआ है, बल्कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास भी बढ़ा है।

Read More : Raipur Land Mafia : रायपुर में करोड़ों की सरकारी जमीन पर भूमाफिया का कब्जा, प्रशासन पर कांग्रेस नेता आकाश तिवारी ने खड़े किए सवाल


Related Articles