दुर्ग में युवती को मीटिंग के बहाने लॉज बुलाकर अश्लील हरकत, विरोध पर जान से मारने की धमकी, आरोपी लक्की जॉर्ज गिरफ्तार

दुर्ग में युवती को मीटिंग के बहाने लॉज बुलाकर अश्लील हरकत, विरोध पर जान से मारने की धमकी, आरोपी लक्की जॉर्ज गिरफ्तार

Lucky George Arrest News दुर्ग। दुर्ग जिले में एक युवती को मीटिंग के बहाने लॉज में बुलाकर उसके साथ अश्लील हरकतें करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को इलाके में जुलूस निकालने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की गई है।

मामले में आरोपी की पहचान लक्की जॉर्ज उर्फ सोनू के रूप में हुई है, जो मुठभेड़ में मारे गए कुख्यात अपराधी अमित जोश का जीजा बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार लक्की जॉर्ज भी पुराना अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जानकारी के अनुसार पीड़िता पिछले कुछ समय से अकाउंट से जुड़े कार्य कर रही थी और इसी सिलसिले में लक्की जॉर्ज उर्फ सोनू उससे व्यापारिक चर्चाओं के लिए हफ्ते में एक-दो बार होटल में मीटिंग करता था। इसी क्रम में 5 मार्च को आरोपी ने युवती को पावर हाउस क्षेत्र स्थित एक लॉज में मीटिंग के लिए बुलाया। पीड़िता के मुताबिक वह शाम करीब 4 बजे होटल पहुंची, जहां उसने देखा कि कमरे में आरोपी अकेले बैठकर शराब पी रहा था। यह देखकर वह बाहर जाने लगी, तभी आरोपी ने जबरन उसे कमरे में बंद कर लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। किसी तरह युवती ने खुद को छुड़ाकर बाहर निकलने में सफलता पाई।

पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी, ताकि वह इस मामले की जानकारी किसी को न दे। हालांकि बाद में युवती ने हिम्मत जुटाकर पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी को 12 मार्च को गिरफ्तार किया गया और घटना स्थल के पास उसका जुलूस भी निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की मांग की है। मामले की आगे की जांच जारी है।


Related Articles