दुर्ग में नकली सोना लेकर बैंक पहुंचा, फर्जी हॉलमार्क लगाकर बैंक से लोन लेने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग में नकली सोना लेकर बैंक पहुंचा, फर्जी हॉलमार्क लगाकर बैंक से लोन लेने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

Durg Bank Fraud Case News दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में नकली सोने के आभूषण पर फर्जी हॉलमार्क लगाकर बैंक से लोन लेने पहुंचे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला सिटी यूनियन बैंक की नंदिनी रोड, छावनी स्थित शाखा का है, जहां आरोपी 833 और 916 कैरेट का फर्जी हॉलमार्क लगे 113 ग्राम नकली जेवर गिरवी रखकर ऋण लेने का प्रयास कर रहा था।

जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी बैंक पहुंचा और सोने के आभूषण गिरवी रखकर लोन की प्रक्रिया शुरू की। शाखा प्रबंधक अनुराग बंधु को संदेह होने पर जेवरों की जांच कराई गई। बैंक के स्वर्ण आभूषण परीक्षक राकेश कुमार गुप्ता द्वारा परीक्षण में सभी आभूषण नकली पाए गए। जेवरों पर 833 और 916 कैरेट का हॉलमार्क अंकित था, जो जांच में फर्जी निकला।

जांच के बाद बैंक प्रबंधन को किसी बड़े फर्जी गिरोह की आशंका हुई, जिसके बाद मामले की सूचना छावनी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। बैंक प्रबंधक ने बताया कि समय रहते आभूषणों की पहचान नहीं होती तो बैंक को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति हो सकती थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक हार, दो कंगन, दो चैन, एक ब्रेसलेट और एक अंगूठी समेत कुल 113 ग्राम नकली सोने के आभूषण जब्त किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज कुमार पातरा (37 वर्ष) निवासी राघा नगर, थाना घाटला, जिला मेदिनीपुर (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में दुर्ग के प्रेम सागर चौक, बैगा पारा में रह रहा था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Read More : बिलासपुर में ACB की बड़ी कार्रवाई, मस्तूरी फूड इंस्पेक्टर 90 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार


Related Articles