बिलासपुर में लॉ स्टूडेंट से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भवती होने पर आरोपी ने दो बार कराया अबॉर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बिलासपुर में लॉ स्टूडेंट से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, गर्भवती होने पर आरोपी ने दो बार कराया अबॉर्शन, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bilaspur Rape Case News बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में लॉ की पढ़ाई कर रही एक छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर छात्रा से संबंध बनाए और गर्भवती होने पर दो बार दवाई खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार पीड़िता 22 वर्षीय लॉ स्टूडेंट है, जो सरकंडा क्षेत्र में किराए के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रही है। वर्ष 2023 में कॉलेज में उसकी पहचान सैदा निवासी गौरव दुबे (21) से हुई थी। पहचान के बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई और वे मोबाइल पर बातचीत करने लगे। बताया जा रहा है कि गौरव दुबे मंगला स्थित दीनदयाल आवासीय कॉलोनी में रहता है और निजी नौकरी करता है।

दोस्ती के दौरान गौरव ने युवती से प्रेम का इजहार किया और शादी का वादा किया। इसके बाद वह सरकंडा स्थित युवती के किराए के कमरे में मिलने पहुंचा, जहां उसने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार युवती से शारीरिक संबंध बनाता रहा।

युवती ने पुलिस को बताया कि इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसे दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने इस तरह से दो बार उसका गर्भपात कराया। बाद में जब उसने फिर से शादी की बात कही तो युवक ने साफ इनकार कर दिया।

युवक की हरकतों से परेशान होकर युवती 7 मार्च को सरकंडा थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवती का बयान दर्ज करने के साथ ही उसका मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी गौरव दुबे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि पीड़िता अनुसूचित जाति वर्ग से संबंध रखती है, इसलिए पुलिस इस मामले में आरोपी के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी जोड़ने की कार्रवाई कर रही है।

Read More : नशीले पदार्थ तस्करी मामले में कोर्ट का बड़ा फैसला, रायपुर और मैनपुर के दो मामलों में तीन आरोपियों को 10-10 साल की सजा


Related Articles