सक्ति जिले में चोरी के कोयले से चल रहे अवैध लाल ईंट भट्ठे, प्रशासन की निष्क्रियता से बढ़ रहा प्रदूषण और काला कारोबार

सक्ति जिले में चोरी के कोयले से चल रहे अवैध लाल ईंट भट्ठे, प्रशासन की निष्क्रियता से बढ़ रहा प्रदूषण और काला कारोबार

Chhattisgarh Sakti News: सक्ति। छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में अवैध लाल ईंट भट्ठों का काला कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। चोरी के कोयले से संचालित ये भट्ठे अब विकराल रूप ले चुके हैं। बिना वैध दस्तावेज के कोयले से भरे वाहन खुलेआम सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जबकि जिम्मेदार अधिकारी इस पर आंख मूंदे बैठे हैं।

सूत्रों के अनुसार, चोरी का कोयला गांव-गांव तक अवैध ईंट भट्ठों तक आसानी से पहुंचाया जा रहा है। सस्ते और अवैध कोयले की उपलब्धता के कारण भट्ठों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जिससे यह कारोबार अब अनियंत्रित होता जा रहा है।

गर्मी बढ़ने के साथ ही ये भट्ठे धधकने लगे हैं, जिससे आसपास के गांवों में प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ गया है। पर्यावरण से जुड़े नियमों और मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

तीन माह पूर्व जिले के कई गांवों में जांच टीम द्वारा निरीक्षण किया गया था, जिसमें कई ईंट भट्ठे अवैध पाए गए थे, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इस स्थिति ने खनिज और पर्यावरण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सवाल यह है कि प्रशासन इस गंभीर मामले पर कब तक कार्रवाई करेगा, या अवैध कारोबार को संरक्षण मिलता रहेगा।


Related Articles